दिल्ली विश्वविद्यालय...

दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिन्दी कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक महोत्सव “लहरें 2024”.

कुलवंत कौर, संवाददाता 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कालिन्दी कॉलेज में गुरुवार को कॉलेज के वार्षिक महोत्सव “लहरें 2024” का धूमधाम से आयोजन किया गया। दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव के पहले दिन दिल्ली विश्वविद्यालय के अलग-अलग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन किया। इस वर्ष कालिन्दी कॉलेज के वार्षिक महोत्सव की थीम अतुल्य भारत है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजेस प्रो. बलराम पाणी, विशिष्ट अतिथि भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के सदस्य सचिव डॉ. ओम उपाध्याय जी, कॉलिन्दी कॉलेज के गवर्निंग बॉडी की अध्यक्षा प्रो. मंजु मुकुल कांबले, कॉलेज की प्राचार्या प्रो. मीना चरांदा और अन्य गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षकों ने दीप प्रज्ज्वल कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन सत्र के दौरान सरस्वती वंदना, विश्वविद्यालय गीत, कॉलेज गीत, सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति की गई और गणमान्य अतिथियों का सम्मान भी किया गया।

वार्षिक महोत्सव के लिए कॉलेज परिसर को खूबसूरत तरीके से दुल्हन की तरह सजाया गया है और जगह-जगह स्टॉल्स लगाए गए हैं। देश के विभिन्न राज्यों के लोकप्रिय व्यंजन, वस्त्रों की बिक्री, गेम्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कॉलेज परिसर में मेले जैसा माहौल बन गया है। इस वार्षिक महोत्सव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह है। विद्यार्थी इस महोत्सव के दौरान होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। खास बात यह है कि कॉलिन्दी कॉलेज छात्राओं का कॉलेज है और कॉलेज में होने वाले ऐसे सांस्कृतिक महोत्सवों से न सिर्फ छात्राओं का ज्ञानवर्धन होता है, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। ऐसे आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के पहले दिन फोटोग्राफी, रंगोली, ग्राफिटी, वॉल पेंटिंग, गायन, संस्कृत गान रचनाएँ, पोस्टर बनाना, नृत्य, मेहंदी लगाना, अंताक्षरी, और फैशन शो आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम के समय रैपर शंका ने अपनी शानदार स्टार परफॉर्मेंस से छात्राओं का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर प्रो. बलराम पाणी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता है और भविष्य में आगे बढ़ने के लिए उन्हें प्रेरणा मिलती है। वहीं डॉ. ओम उपाध्याय ने अतुल्य भारत की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प पर बल दिया और युवाओं से आह्वान किया कि वे विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपना अहम योगदान दें। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी की चेयरपर्सन प्रो. मंजु मुकुल और कॉलेज की प्राचार्या प्रो. मीना ने कॉलेज में लगातार किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कॉलेज को शिक्षा जगत में ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए शिक्षक, विद्यार्थी और कॉलेज के अन्य कर्मचारियों को मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ना होगा। वार्षिक महोत्सव के पहले दिन कार्यक्रम की संयोजक डॉ.शानूजा बेरी सहित सभी शिक्षक और हज़ारों की संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Comments