2024 के लोकसभा...

2024 के लोकसभा चुनावों में 12 राज्यों और आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा के विधानसभा चुनावों में खड़ी होगी बीआरपी 

कुलवंत कौर, संवाददाता 

नई दिल्ली। मूल रूप से ओडिशा में स्थापित 'भारत राजनीति पार्टी' ने आज राजधानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वयं को राष्ट्रीय पार्टी के रूप में घोषित कर दिया। पार्टी द्वारा यह औपचारिक घोषणा प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आज दोपहर को की गई। इस अवसर पर 'भारत राजनीति पार्टी' के महासचिव ओरबिंद नायक ने पार्टी की रणनीति और एजेंडा के बारे में मीडिया को बताया। उन्होंने कहा कि 'भारत राजनीति पार्टी' 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में 5 से 12 राज्यों में अपने प्रत्याक्षी उतारेगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और ओडिशा में होने वाले 2024 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी चुनाव लड़ेगी।

लेकिन फिलहाल पार्टी आंध्र प्रदेश और ओडिशा में होने वाले विधान सभा चुनावों पर ज्यादा ध्यान देगी। उन्होंने आगे बताया कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश में आम आदमी बहुत परेशान है क्योंकि सत्ता पक्ष की तरफ से उनके सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए जाते हैं और हम चाहते हैं कि उन दोनों राज्यों में विकास की गति तीव्र हो। इसलिए पार्टी इन दोनों प्रदेशों पर ज्यादा ध्यान दे रही है। संगठन के चुनावी एजेंडा बताने के साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि, बीआरपी भारत को एक विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

इस मौके पर पार्टी की तरफ से ओडिशा में राज्य सचिव के तौर पर कार्यरत दीपक कुमार नायक भी मौजूद थे। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय एजेंडा के बारे में अपने विचार रखे और कहा, "बीआरपी एक हिन्दुत्व बहुल पार्टी है, जिसका उद्देश्य भारत के सभी हिन्दुओं को एकजुट करके संगठित करना है। इसके अलावा हमारी पार्टी समाज के प्रति अपने दायित्वों को लेकर भी पूरी तरह सजग है और हमारा प्रयास रहेगा कि हम देश से भ्रष्टाचार का पूरी तरह सफाया कर दें और समाज के पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए ज्यादा से ज्यादा काम करें।" पार्टी के सामाजिक सरोकारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय राजनीति पार्टी एक युवा पार्टी है जो उन्नत और आधुनिक राजनीति की पक्षधर है, इसलिए चुनाव में भी ईवीएम द्वारा वोट डालने की तकनीक का समर्थन करती है। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष जसोबंत सिंह और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Comments