प्रदर्शन...

कांग्रेस मुख्यालय पर जागो पार्टी ने किया प्रदर्शन

कुलवंत कौर, संवाददाता 

नई दिल्ली। 1984 सिख कत्लेआम के मुख्य आरोपी जगदीश टाइटलर को कांग्रेस पार्टी द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सदस्य चुने जाने के विरोध में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके के नेतृत्व में सिखों के द्वारा कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर रोष प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शनकारी कपूरथला हाउस से कांग्रेस मुख्यालय की ओर कूच करतें हुए हाथों में तख्तियां पकड़ कर जगदीश टाइटलर को कांग्रेस से बाहर निकालने की मांग कर रहे थे। इस अवसर पर जगदीश टाइटलर का पुतला भी जलाया गया। बाद में प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस हिरासत में लेकर थाना मंदिर मार्ग ले गई। इस मौके पर बोलते हुए जागो पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने जगदीश टाइटलर को लेकर गांधी परिवार के साथ ही सीबीआई तथा केंद्र सरकार को भी अपने निशाने पर लिया।

जीके ने महाराजा रणजीत सिंह के शासन वाले संयुक्त पंजाब का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि आज कुछ लोग "अखंड भारत" की बात करते हैं। अगर सिखों के साथ सही नहीं किया तो नतीजे बुरे होंगे। कल को "अखंड पंजाब" की अगर कोई बात करेंगा, तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। क्योंकि सीबीआई सो रहीं है, जिस वजह से सिखों में अन्याय और बेगानगी की भावना पनप रही हैं। सीबीआई को पता है कि जगदीश टाइटलर ने कनाडा में गवाह खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपए भेजे थे, 50 लाख भारत में दिए थे, टाइटलर का 100 सिखों को मारने का वीडियो कबूलनामा भी है। इस बाबत मैंने शिकायत भी सीबीआई को दे रखी है। पर मोदी जी का "सबका साथ-सबका विकास" के कथन पर सीबीआई खड़ी नहीं हो रहीं। सरकार यह याद रखें कि सिख कौम अपने दुश्मन को कभी नहीं भूलती। इसलिए 1984 के कातिलों को भी नहीं छोड़ेंगे।

जीके ने कहा कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले दिनों तिलक विहार के दो सिख लड़कों को खालिस्तान के नारे लिखने के जुर्म में गिरफ्तार किया था। जिन्हें विदेश में बैठे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुर्गों ने यह करने के लिए उकसाया था। पर सवाल यह है कि 1984 के पीड़ित परिवारों के बच्चे अलगाववाद की ओर आकर्षित क्यों हुए ? अगर सिख कत्लेआम का समय पर सरकार इंसाफ दें देती तो शायद ऐसी घटनाएं नहीं होती और निर्दोष बच्चे आईएसआई के गुर्गों के शिकंजे में नहीं फंसते।

जीके ने जगदीश टाइटलर को राजनीतिक संरक्षण देने का कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप लगाया। जीके ने कहा कि सिखों के कातिलों को सियासी तौर पर जिंदा रखने की कांग्रेस की मंशा सिखों को दूसरे दर्जे के नागरिक मानने जैसी है। पहले कांग्रेस ने सिखों का कत्ल किया, फिर इंसाफ का कत्ल किया और अब कातिलों की सियासत को जिंदा रखने के लिए बार-बार सिखों को चिढ़ाया जा रहा है। कभी दिल्ली नगर निगम चुनाव प्रचार की कमेटी में टाइटलर को शामिल किया जाता है, कभी भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में स्वागत के लिए टाइटलर को स्वागत समिति में शामिल किया जाता है और अब राष्ट्रीय अधिवेशन में बतौर राष्ट्रीय सदस्य बुलाया जा रहा है।

दिल्ली कमेटी सदस्य परमजीत सिंह राणा, सतनाम सिंह, महिन्द्र सिंह, जागो पार्टी की कौर ब्रिगेड की अध्यक्षा मनदीप कौर बख्शी तथा 1984 के पीड़ित तथा जागो पार्टी के नेता बाबू सिंह दुखिया ने इस अवसर पर अपने विचार रखे, जबकि जागो पार्टी के प्रधान महासचिव डॉ परमिंदर पाल सिंह ने मंच संचालन किया। इस मौके पर जागो पार्टी के नेता हरप्रीत कौर, बख़्शिश सिंह, सुखदेव सिंह रामनगर, विक्रम सिंह, जतिंदर सिंह बोबी, दौलत सिंह, हरजीत सिंह बाउंस, चरनप्रीत सिंह भाटिया तथा मनजीत सिंह कंद्रा सहित कई नेता मौजूद थे।

Comments