नीरज चोपड़ा...

नीरज चोपड़ा दिखाएंगे हरी झंडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा होंगे मुख्य अतिथि

बंसी लाल, वरिष्ठ पत्रकार 

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा 18 नवंबर को "रन फॉर डीयू" के नारे के तहत एक शताब्दी दौड़ (सेंटेनरी रन) का आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी के 75 वर्ष और अपनी अकादमिक उत्कृष्टता के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा इस दौड़ का आयोजन शुक्रवार, 18 नवंबर को सुबह आठ बजे किया जाएगा। जनजातीय मामलों के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे और शिक्षा पर संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष विवेक ठाकुर विशिष्ट अतिथि होंगे। यूथ आइकॉन, ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड से इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. योगेश सिंह करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी आंदोलन फिट इंडिया मूवमेंट के तहत भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के सहयोग से आयोजित इस दौड़ का आयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय साउथ कैंपस के निदेशक प्रो. श्री प्रकाश सिंह के निर्देशन में किया जाएगा। शताब्दी दौड़ के लिए भारी संख्या में दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और पूर्व छात्रों ने पंजीकरण करवाया है। इस दौड़ में लगभग 50 विकलांग विद्यार्थी भी भाग लेंगे जिनके लिए एक विशेष रन सर्किट तैयार किया गया है।


Comments