पुष्प विहार में शराब...

पुष्प विहार में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में निगम पाषर्द के साथ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

कुलवंत कौर, संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति के तहत पुष्प विहार सेक्टर 5 में खोले जा रहे शराब के ठेके के विरोध में निगम पाषर्द रेखा सांकला के साथ स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि इससे यहां पर महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले अपराधों में बढ़ोत्तरी होगी।

प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रही पुष्प विहार वार्ड नंबर 80 एस से निगम पार्षद रेखा सांकला ने कहा कि मार्किट में शराब का ठेका खुलने से महिलाओं का निकलना दूबर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली सरकार की नई शराब नीति के खिलाफ 11 नवंबर से यहां प्रदर्शन पर बैठे हैं और जब तक यह ठेका बंद नहीं हो जाता हमारा विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नई नीति में शराब खरीदने की आयु कम कर दी गई है। जिससे युवाओं में नशे की लत की बढ़ोत्तरी होगी। पुष्प विहार क्षेत्र सरकारी कॉलोनी है यहां सभी नौकरी पेशा लोग रहते हैं। जब वह दफ्तर चले जाएगें तो उनकी महिलाएं अकेले रह जाती हैं। जिससे उनमें असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

भाजपा के पुष्प विहार मंडल अध्यक्ष नरेश सांकला ने कहा कि हम दिल्ली सरकार की नई शराब नीति का विरोध करते हैं। जो ये ठेका खोला जा रहा है वह नियमों के विरूद्ध है क्योंकि यहां नजदीक में एक सरकारी स्कूल है और पार्क है जहां महिलाओं और बच्चों का आना जाना लगा रहता है। भाजपा के महरौली जिला प्रभारी छत्रपाल ने कहा कि नई शराब नीति से केजरीवाल दिल्ली में शराब पीने की प्रवृति को बढ़ावा देना चाहते हैं। हम इस नीति का पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में कहीं भी शराब का ठेका नहीं खुलने देंगें।

प्रदर्शन में रेनू देवी, उर्मिला, शीला, अंजना, ममता, खुशबू, सुनीता, संगीता, जय प्रकाश, रामनिवास, राकेश, निखिल सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Comments