हरियाणा में बाढ़...

हरियाणा में बाढ़ से चौथे दिन भी राहत नहीं

संवाददाता 

हरियाणा राज्य। हरियाणा में बाढ़ से चौथे दिन भी राहत नहीं मिल पाई, अभी भी 11 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं। इन जिलों में 854 गांवों में अभी पानी खड़ा हुआ है।

सबसे ज्यादा खराब हालात जीटी बेल्ट के हैं। इस बेल्ट के छह जिलों अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र व पानीपत के करीब 585 गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। इन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। कैथल, कुरुक्षेत्र की स्थिति तो पहले से और खराब है। पंजाब के खनौरी में पुल टूटने से कैथल का संगरूर से भी संपर्क टूट गया। अंबाला पटियाला से पहले ही कट चुका है। घग्गर नदी का पानी चीका शहर में भर गया।

पानीपत में यमुना का जलस्तर कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि अभी यह खतरे के निशान के पास है। यमुना का खतरे का निशान 231.50 मीटर है। फिलहाल यमुना 230.80 मीटर पर बह रही है। इसके साथ तामशाबाद कट बंद करने का काम शुरू कर दिया है।

अंबाला के 750 में से 430 स्कूलों व कुरुक्षेत्र में 203 सरकारी स्कूलों में पानी भरा है। इस कारण रविवार तक स्कूल बंद रहेंगे। यमुनानगर के स्कूलों में भी गुरुवार को छुट्टी रही। करनाल, पानीपत और कैथल के बाढ़ प्रभावित स्कूलों को फिलहाल बंद रखा गया है।

Comments